Share this post with:
शहर में सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज अब जानलेवा बनता जा रहा है। कोनी-तुर्काडीह नेशनल हाईवे बाइपास पर एक युवती ने जो किया, वह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटना का आमंत्रण भी है। युवती ने न केवल चलती कार के सामने रैंप वॉक किया, बल्कि कार की छत पर चढ़कर स्टंट करते हुए रील बनाई। वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कार मालिक पर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में युवती को कोनी-तुर्काडीह नेशनल हाईवे बाइपास पर देखा जा सकता है। वीडियो में दिख रही कार (CG-10-CD-141) के सामने युवती बेखौफ होकर रैंप वॉक करती नजर आ रही है। उसके हाथ में शैंपेन की बोतल है, जिससे वह मस्ती के मूड में झाग उड़ाते हुए दिख रही है। रील को 'परफेक्ट' बनाने के चक्कर में युवती कार की छत पर चढ़ गई और अलग-अलग पोज दिए।
वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। वाहन के नंबर के आधार पर मालिक की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इस मामले में ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने दो टूक कहा है कि सड़कों पर इस तरह के स्टंट कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाली गाड़ी को जब्त किया जा रहा है, साथ ही आरटीओ को पत्र लिखकर चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारों का कहना है कि चलती गाड़ी से सनरूफ के बाहर निकलना, छत पर खड़ा होना या नेशनल हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह सेलिब्रेशन करना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। पुलिस अब अन्य लोगों को चेतावनी दे रही है कि रील के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।
Share this post with:
28 May 2026
28 May 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023