Share this post with:
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 20वीं किस्त का वितरण शनिवार को किया जाएगा। इसके तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 52 हजार 477 किसानों के बैंक खातों में 490.54 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे। प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के किसानों के लिए राशि जारी करने के साथ ही राज्य के किसानों को भी इसका लाभ मिल जाएगा। साल 2019 में शुरू हुई इस योजना के जरिए छत्तीसगढ़ के किसानों को अब तक 10 हजार 783.90 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता मिल चुकी है।
राज्य सरकार ने इस योजना का दायरा बढ़ाते हुए 2 लाख 34 हजार वन पट्टाधारी किसानों और 32 हजार 500 विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के किसानों को भी इससे जोड़ा है। साल 2023-24 की तुलना में वर्ष 2025-26 में 2 लाख 80 हजार से अधिक नए किसान इस योजना के लाभार्थी बने हैं।
फसल विविधीकरण और प्राकृतिक खेती पर विशेष जोर
किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार फसल विविधीकरण को बढ़ावा दे रही है। 'कृषक उन्नति योजना' के तहत धान के बदले दलहन-तिलहन जैसी वैकल्पिक फसलें लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ और अन्य खरीफ फसलों के लिए 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता दी जा रही है।
इसके साथ ही, तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए 'राष्ट्रीय मिशन ऑन एडिबल ऑयल- ऑयलसीड्स' के तहत बड़े पैमाने पर क्लस्टर प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, 'राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन' के अंतर्गत प्रदेश के 57 हजार 625 किसान 23 हजार 050 हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं, जिसमें 922 कृषि सखियां और 307 बायो-इनपुट रिसोर्स सेंटर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कृषि विभाग के मुताबिक, इस किस्त से किसानों को खरीफ सीजन की तैयारियों के लिए समय पर आर्थिक संबल मिलेगा।
Share this post with:
20 Jun 2026
20 Jun 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023