Share this post with:
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हवाला कारोबार से जुड़े एक बड़े कैश ट्रांजैक्शन का खुलासा हुआ है। शहर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त कार्रवाई में स्कूटी की डिक्की से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने मामले में मिलन शर्मा (25) को गिरफ्तार किया है, जो पेशे से कलेक्शन एजेंट बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह शुक्रवार रात (27 फरवरी) शहर के अलग-अलग इलाकों से कारोबारियों से रकम इकट्ठा कर समता कॉलोनी पहुंचा था। इसी दौरान नाकेबंदी के बीच उसे रोककर तलाशी ली गई।
ACCU की टीम उस रात सट्टेबाजों की धरपकड़ के लिए इलाके में सक्रिय थी। संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान जब एक्टिवा (CG 04 NJ 8956) की डिक्की खोली गई, तो कपड़े के थैले में भरी भारी नकदी मिली। आरोपी से रकम के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका और संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाया।
पुलिस ने मौके पर ही 75 लाख रुपये जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ में रकम को हवाला से जुड़ा बताया जा रहा है। मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है और विभाग की टीम अब पैसों के स्रोत और नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले आमानाका इलाके में एक कार से करीब 3.75 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए थे, जिसे भी हवाला से जुड़ा बताया गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शहर के करीब 15 ऐसे पॉकेट चिन्हित हैं, जहां हवाला नेटवर्क सक्रिय है। फिलहाल पुलिस हवाला सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है और पैसों की लेन-देन की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
Share this post with:
03 Sep 2026
02 Sep 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023