The Bare Truth

तंत्र-मंत्र के नाम पर 85 लाख की महाठगी: भिलाई में महिला को जिन्न-प्रेत और पति की मौत का डर दिखाकर ऐंठे पैसे, आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

10 Jul 2026  

तंत्र-मंत्र के नाम पर 85 लाख की महाठगी: भिलाई में महिला को जिन्न-प्रेत और पति की मौत का डर दिखाकर ऐंठे पैसे, आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर थाना क्षेत्र से अंधविश्वास और ब्लैकमेलिंग से जुड़ी एक सनसनीखेज महाठगी का मामला सामने आया है। यहाँ एक शातिर ठग ने घरेलू परेशानियां दूर करने, तंत्र-मंत्र और गुप्त पूजा कराने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपए ठग लिए।आरोपी ने महिला के मन में इस कदर खौफ पैदा कर दिया था कि उसने कभी जिन्न और प्रेत बाधा का डर दिखाया, तो कभी पति का एक्सीडेंट होने की बात कहकर डराया। 

 

भिलाई नगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है और उसके बैंक खातों व पैसों के लेन-देन की जांच शुरू कर दी है।
 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता संगीता कश्यप ने 16 दिन पहले थाने में इस धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि साल 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात जबलपुर के रहने वाले पवन भधोरिया नाम के व्यक्ति से हुई थी। बातचीत के दौरान संगीता ने अपने परिवार में चल रही कुछ परेशानियों का जिक्र किया था। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी पवन भधोरिया ने दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा-पाठ के जरिए उसकी सभी समस्याओं को हमेशा के लिए दूर कर सकता है। इसके बाद वह लगातार संगीता के संपर्क में रहा और अलग-अलग धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर पैसे की मांग करने लगा, जिस पर भरोसा करके पीड़िता किस्तों में रकम देती रही।


ठगी का यह खेल यहीं नहीं रुका; आरोपी पवन अक्सर पीड़िता को डराता था कि उसके परिवार पर जिन्न और प्रेत का साया है, और यदि समय पर बड़ी पूजा नहीं कराई गई तो पूरे परिवार को भारी नुकसान हो सकता है। जब भी संगीता पैसे देने में थोड़ी भी देरी करती, तो वह यह कहकर धमकाता कि जिन्न नाराज हो जाएंगे और कोई बड़ा अनर्थ हो जाएगा। उसने गुप्त पूजा कराने और 43 दिनों तक विशेष अनुष्ठान का झांसा देकर मोटी रकम वसूली। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच भी दिया और पति की जान को खतरा बताया।

 

इसके बावजूद महिला के पति की सड़क हादसे में मौत हो गई। पति की मौत के बाद जब पीड़िता ने सदमे से उबरकर अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और नए-नए बहाने बनाकर और पैसों की मांग करता रहा। फिलहाल पुलिस आरोपी को दबोचकर उसके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web