Share this post with:
रायपुर से लगे तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर 10वीं के एक छात्र ने अपने ही क्लासमेट अमन यदु (16 वर्ष) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस खूनी संघर्ष की वजह महज इतनी सी थी कि बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र ने अमन को 'मोटा' कह दिया था, जिससे दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। इस हिंसक झड़प में आरोपी छात्र (15 वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसकी अस्पताल में हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, अमन यदु और आरोपी छात्र दोनों सासाहोली के वार्ड नंबर 1 के रहने वाले थे। उनके घरों के बीच महज 400 मीटर की दूरी थी और दोनों सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में एक साथ पढ़ते थे। 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान जब आरोपी ने अमन को 'मोटा' कहकर चिढ़ाया, तो अमन को यह बात दिल पर लग गई और उसने आरोपी को सबक सिखाने की ठान ली। शुक्रवार (19 जून) को स्कूल की छुट्टी के बाद जब दोनों घर लौट रहे थे, तब अमन ने आरोपी छात्र को रास्ते में रोककर पुरानी बात पर विवाद शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान गुस्से में आकर अमन ने चाकू निकाल लिया, लेकिन आरोपी छात्र ने फुर्ती दिखाते हुए अमन के हाथ से चाकू छीन लिया और उसी चाकू से अमन के सीने और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से जख्मी अमन की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात में आरोपी छात्र को भी गंभीर चोटें आईं, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तिल्दा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
Share this post with:
20 Jun 2026
20 Jun 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023