The Bare Truth

तालाब के दलदल में फंसकर नन्हे हाथी की मौत, बिलखती हथिनी की ममता देख पसीज गया लोगों का दिल

24 May 2026  

तालाब के दलदल में फंसकर नन्हे हाथी की मौत, बिलखती हथिनी की ममता देख पसीज गया लोगों का दिल

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छाल वन परिक्षेत्र से एक अत्यंत मार्मिक और दुखद घटना सामने आई है, जहां एक हाथी शावक की तालाब के दलदल में फंसने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने एक मां हथिनी की बेबसी को उजागर कर दिया है, जो अपने मृत बच्चे को बचाने के लिए उसे बार-बार सूंड और पैरों से उठाने की कोशिश करती रही।


जानकारी के अनुसार, छाल रेंज के एडू परिसर में इन दिनों 52 हाथियों का एक बड़ा दल विचरण कर रहा है। शनिवार की रात यह दल जंगल से निकलकर आमागुड़ा-पुसल्दा तालाब के समीप पहुंचा था। माना जा रहा है कि पानी पीने और नहाने के लिए जब हाथियों का झुंड तालाब में उतरा, तभी नन्हा शावक गहरे दलदल में फंस गया। दलदल की पकड़ इतनी मजबूत थी कि तमाम प्रयासों के बावजूद शावक बाहर नहीं निकल सका और उसने दम तोड़ दिया।


वन विभाग के अनुसार, अपने शावक के बाहर न निकल पाने पर हाथियों का पूरा झुंड पूरी रात तालाब के आसपास ही डटा रहा और उनकी चिंघाड़ से पूरा जंगल गूंज उठा। सुबह होने पर जब ग्रामीणों और हाथी ट्रैकर्स को घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचित किया।


गौरतलब है कि रायगढ़ में वन्यजीवों की मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इसी जिले में करंट लगने से एक बंदर के बच्चे की जान चली गई थी, जिसके बाद मां का अपने बच्चे को सीने से लगाकर घंटों भटकना लोगों के लिए बेहद भावुक क्षण था। रायगढ़ के इन इलाकों में वन्यजीवों के साथ हो रही लगातार ऐसी घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web