Share this post with:
छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले के वाहन पर टोल बैरियर का बूम गिरने से नाराज उनके निज सहायक (PA) ने टोलकर्मी से गाली-गलौज करते हुए उसकी जमकर पिटाई कर दी। यह घटना लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लहपटरा टोल प्लाजा की है, जो बुधवार (2 सितंबर) की देर रात करीब 12:30 बजे घटी। पूरी वारदात टोल नाके पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे पीड़ित कर्मचारी ने शिकायत दर्ज कराई है और एफआईआर न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
जानकारी के मुताबिक, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर जा रही थीं। उनके काफिले में दो गाड़ियां शामिल थीं। काफिले की आगे चल रही इनोवा कार ने तो लहपटरा टोल बैरियर सुरक्षित पार कर लिया, लेकिन ठीक पीछे आ रही मंत्री की फॉर्च्यूनर जब गुजर रही थी, तभी अचानक टोल बैरियर का बूम गाड़ी के ऊपर आ गिरा।
वाहन पर बैरियर गिरते ही काफिला रुक गया और मंत्री के पीए ओम प्रकाश राजवाड़े सुरक्षाकर्मियों के साथ आपा खोते हुए नीचे उतरे। उन्होंने टोल केबिन में मौजूद कर्मचारी महेंद्र राजवाड़े के साथ पहले अभद्र गाली-गलौज की और फिर ताबड़तोड़ 5 थप्पड़ जड़ दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोलकर्मी हाथ जोड़कर लगातार माफी मांगता रहा, लेकिन पीए का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर पीए को पकड़ा और गाड़ी में वापस ले गए। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अपनी गाड़ी में ही बैठी रहीं।
घटना के अगले दिन पीड़ित टोलकर्मी महेंद्र राजवाड़े स्थानीय ग्रामीणों के साथ लखनपुर थाने पहुंचा और मामले में लिखित शिकायत सौंपी। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सत्ता के दबाव में पुलिस ने आरोपी पीए के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में केस दर्ज नहीं किया, तो टोल प्लाजा और थाने के सामने चक्काजाम व उग्र आंदोलन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और आवेदन की जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023