Share this post with:
बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गतौरा के जनक पहरी इलाके में रविवार देर रात गणेश उत्सव के दौरान डीजे पर नाचने के मामूली विवाद ने भयानक खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद कुछ ही पलों में हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने तलवार, चाकू, लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल शैलेष कुमार राठौर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि परिवार के कई अन्य लोग लहूलुहान हो गए। घायलों में से दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिनका इलाज सिम्स (CIMS) बिलासपुर में जारी है।
वारदात के बाद गांव में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 14 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पति की मौत से बेसुध पत्नी ने रोते हुए कहा कि उसके मासूम बच्चे अनाथ हो गए हैं और हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। पुलिस बलवा, हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Share this post with:
21 Sep 2026
19 Sep 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023