Share this post with:
जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुई मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुँच गया, लेकिन यहाँ भी हंगामा थमने का नाम नहीं लिया। पहले घर के बाहर मारपीट हुई और फिर जब दोनों पक्ष समझौता करने छावनी थाने पहुँचे, तो पुलिस की मौजूदगी में ही भिड़ गए। थाने के अंदर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और हंगामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
मामला कैंप-1 का है। यहाँ एक घर के सामने जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। आरोप है कि पार्टी के दौरान बीयर की बोतलें टूटीं। स्थानीय निवासी और बीजेपी के कैंप-1 मंडल कोषाध्यक्ष राजेश चौधरी ने वहां मौजूद लोगों को टूटे कांच साफ करने के लिए कहा। बस इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज हुई और फिर हाथ-मुक्कों व डंडों से मारपीट शुरू हो गई।
बुधवार देर रात दोनों पक्ष मामले में समझौते की उम्मीद लेकर छावनी थाने पहुंचे थे। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन तभी बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष गुरुचरण बग्गा द्वारा कथित तौर पर गाली दिए जाने से माहौल एक बार फिर गरमा गया। बात बिगड़ी और थाने के अंदर ही दोनों पक्ष एक-दूसरे पर टूट पड़े।
थाने के भीतर अफरा-तफरी का माहौल था। पुलिसकर्मी बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन भीड़ के आगे बेबस दिखे। थाने के अंदर ही धक्का-मुक्की और झूमाझटकी होती रही। इस दौरान वहां मौजूद कई लोग शांति से मामले को सुलझाने के बजाय टेबल-कुर्सियों पर चढ़कर इस पूरे हंगामे का वीडियो बनाने में व्यस्त नजर आए। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023