The Bare Truth

धूप-छांव और बारिश का 'कॉकटेल', सुबह चुभती गर्मी, शाम को बौछारें; सेहत पर पड़ रहा मौसम के यू-टर्न का असर

06 Jun 2026  

धूप-छांव और बारिश का 'कॉकटेल', सुबह चुभती गर्मी, शाम को बौछारें; सेहत पर पड़ रहा मौसम के यू-टर्न का असर

Share this post with:

प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। आसमान से कभी अंगारे बरस रहे हैं, तो कभी झमाझम बारिश राहत की जगह आफत बनकर आ रही है। सुबह की तेज धूप और शाम की अचानक बारिश के इस 'कॉकटेल' से लोग बीमार पड़ रहे हैं। 

 

डॉक्टरों के मुताबिक, मौसम में आ रहे इस अचानक उतार-चढ़ाव यानी थर्मल शॉक के कारण अस्पतालों में मरीजों की तादाद अचानक बढ़ गई है। थोड़ी सी भी लापरवाही लोगों को सर्दी, खांसी, वायरल फीवर, डिहाइड्रेशन और पेट के इन्फेक्शन का शिकार बना रही है। तापमान में इस बदलाव से शरीर की इम्युनिटी कमजोर हो रही है, जिससे वायरस तेजी से हमला कर रहे हैं। वहीं उमस के कारण शरीर में पानी की कमी और बैक्टीरिया के एक्टिव होने से उल्टी-दस्त का खतरा भी बढ़ गया है।


इससे बचने के लिए विशेषज्ञों ने कुछ बेहद जरूरी गाइडलाइंस जारी की हैं। धूप में बाहर निकलने पर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और शरीर को हाइड्रेट रखें। धूप से बचाव के लिए छाता, टोपी या सूती कपड़ों का उपयोग करें। बाहर तेज धूप से घर लौटते ही तुरंत फ्रिज का ठंडा पानी पीने या एसी में बैठने की गलती न करें। 

 

वहीं, बारिश के दौरान भीगने के बाद जल्द से जल्द सूखे कपड़े पहनें, ताकि संक्रमण और सर्दी-जुकाम से बचा जा सके। बरसात के मौसम में दूषित पानी और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से संक्रमण का खतरा सबसे ज्यादा होता है। ऐसे में सड़क किनारे बिकने वाले कटे फल, खुले चाट-पकौड़े और बासी भोजन से पूरी तरह परहेज करें।

 

घर में भी साफ और ताजा भोजन ही करें तथा उबला या शुद्ध पानी पीएं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को इस बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।


स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से विशेष अपील की है कि बुखार, खांसी, दस्त या अन्य कोई भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर मेडिकल स्टोर से खुद दवा (सेल्फ मेडिकेशन) लेने के बजाय सीधे चिकित्सकीय सलाह लें। मौसम के अनुरूप अपनी दिनचर्या में थोड़ा बदलाव और सावधानी अपनाकर धूप और बरसात दोनों के मौसम में खुद को पूरी तरह फिट रखा जा सकता है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web