Share this post with:
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से अंधविश्वास के खेल में एक युवती की आबरू लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गांधीनगर थाना क्षेत्र में झाड़फूंक से लोगों के दुख-दर्द दूर करने का दावा करने वाले एक ढोंगी बाबा ने 24 साल की युवती को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने युवती को झांसे में लेने के लिए उसकी मनपसंद सरकारी नौकरी लगने और बहुत अच्छा शादी का रिश्ता आने का लालच दिया था। हालांकि, वारदात के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया और सलाखों के पीछे भेज दिया है।
दिल दहला देने वाली यह वारदात रविवार 14 जून की सुबह की है। पीड़िता के मुताबिक, सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच उनकी कॉलोनी में अमित गोस्वामी नाम का एक ढोंगी बाबा पहुंचा। खुद को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला बताने वाले इस शख्स ने मोहल्ले में यह ढिंढोरा पीटना शुरू कर दिया कि वह तंत्र-मंत्र और झाड़फूंक से लोगों की हर समस्या चुटकियों में हल कर देता है। घर की परेशानियां दूर करने के चक्कर में युवती उसके झांसे में आ गई।
ढोंगी बाबा ने बड़ी ही चालाकी से युवती को फंसाने के लिए तंत्र क्रिया का नाटक रचा। उसने युवती को नहाकर आने को कहा और इसी बीच योजनाबद्ध तरीके से उसके परिवार को रास्ते से हटा दिया। आरोपी ने युवती की मां को एक मुट्ठी चावल देकर हनुमान मंदिर भेज दिया और वहां ठीक 151 दाने गिनकर चढ़ाने की शर्त रख दी, ताकि उन्हें लौटने में वक्त लगे। इसके बाद उसने कमरे में मौजूद युवती की बहन को भी बहाने से बाहर निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि कमरे में अकेलेपन का फायदा उठाकर आरोपी ने उसे सम्मोहित (हिप्नोटाइज) कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म कर मौके से रफूचक्कर हो गया।
होश में आने के बाद पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और बस स्टैंड से लेकर शहर की तमाम कॉलोनियों में उसकी तलाश शुरू की। आखिरकार पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई और सुभाषनगर इलाके से घेराबंदी कर इस ढोंगी बाबा को दबोच लिया गया, जिसने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
Share this post with:
16 Jun 2026
16 Jun 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023