Share this post with:
जिले में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग को गैस एजेंसी का फर्जी कस्टमर केयर नंबर बताकर ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाया है। ठगों ने बुजुर्ग के खाते से कुल 1.95 लाख रुपए पार कर दिए। पीड़ित ने सिलेंडर डिलीवरी न होने की शिकायत के लिए इंटरनेट का सहारा लिया था, जो उन्हें काफी महंगा पड़ा। नेवई थाना पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अवधपुरी रिसाली भिलाई निवासी 65 वर्षीय किशोर कुमार साहू को 23 मई 2026 को गैस सिलेंडर नहीं मिला था। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने इंटरनेट पर सेक्टर-10 स्थित जयदीप गैस एजेंसी का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया।
सर्च के दौरान उन्हें एक मोबाइल नंबर प्राप्त हुआ, जिसे उन्होंने एजेंसी का आधिकारिक नंबर समझकर कॉल कर दिया। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर बुजुर्ग को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या का समाधान तुरंत कर दिया जाएगा।
आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए बुजुर्ग को एक व्हाट्सएप नंबर दिया और गैस सेवा एक्टिवेशन के नाम पर मात्र 10 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा। सेवा बहाल होने के झांसे में आकर बुजुर्ग ने बिना सोचे-समझे फोन-पे के जरिए 10 रुपए भेज दिए।
ठगों ने मात्र 10 रुपए के ट्रांजेक्शन का फायदा उठाकर बुजुर्ग के मोबाइल का एक्सेस ले लिया। इसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग को झांसे में लेकर एक अन्य लिंक पर क्लिक करवाया और उनके बैंक खाते की जानकारी हासिल कर ली। देखते ही देखते आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में बुजुर्ग के खाते से 1.95 लाख रुपए पार कर दिए। अपने खाते से भारी रकम कटने का मैसेज देख बुजुर्ग के होश उड़ गए। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से ठगों के बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबर को ट्रैक करने में जुटी है।
Share this post with:
29 May 2026
29 May 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023