Share this post with:
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शादी का सपना दिखाकर ठगी का बड़ा नेटवर्क सामने आया है। फर्जी मैट्रिमोनियल साइट और कॉल सेंटर के जरिए देशभर के 7693 लोगों से करीब 1.11 करोड़ रुपए की ठगी की गई। पुलिस ने इस मामले में 2 संचालकों समेत 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
लोक सेवा केंद्र की आड़, अंदर चल रहा था फ्रॉड का ‘ऑफिस’
दरोगा पारा इलाके में ‘निधि परिवहन सुविधा केंद्र’ नाम से लोक सेवा केंद्र संचालित किया जा रहा था। बाहर से यह वैध सेवाओं का केंद्र नजर आता था, लेकिन अंदर पूरा साइबर ठगी का सेटअप तैयार था। पुलिस को सूचना मिलने पर सोमवार दोपहर छापा मारा गया।
फर्जी प्रोफाइल, यूट्यूब और कॉल सेंटर से जाल बिछाया
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह यूट्यूब चैनल, फर्जी मैट्रिमोनियल प्रोफाइल और कॉल सेंटर के जरिए लोगों को फंसाता था। शादी के इच्छुक लोगों से पहले संपर्क किया जाता, फिर रजिस्ट्रेशन फीस, मीटिंग फीस और अन्य बहानों से UPI के जरिए पैसे वसूले जाते। रकम मिलते ही संपर्क तोड़ दिया जाता।
कॉल सेंटर में युवतियों से कराई जाती थी ‘बातचीत’
छापे के दौरान मौके पर कई युवतियां काम करती मिलीं। ये कॉल सेंटर के जरिए लोगों से बात करती थीं और भरोसा जीतकर उन्हें पैसे भेजने के लिए तैयार करती थीं। अंदर अलग-अलग कमरों में वीडियो एडिटिंग, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और कॉलिंग का काम चलता था।
देशभर में फैला था जाल, हजारों लोग बने शिकार
गिरोह का नेटवर्क सिर्फ रायगढ़ तक सीमित नहीं था, बल्कि देशभर के लोगों को टारगेट किया जाता था। शुरुआती जांच में ही 7693 लोगों से ठगी की पुष्टि हुई है, जिससे ठगी की रकम 1.11 करोड़ रुपए तक पहुंच गई।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जांच जारी
पुलिस ने पूरे रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह के तार और किन राज्यों तक जुड़े हैं और इसमें और कौन-कौन शामिल है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023