The Bare Truth

सांसद समर्थक पूर्व उपसरपंच ने की खुदकुशी, अपने ही बनवाए मंदिर में फंदे पर लटका ; बीमारी से था परेशान, सुसाइड से पहले मोबाइल किया अनलॉक

16 Jun 2026  

सांसद समर्थक पूर्व उपसरपंच ने की खुदकुशी, अपने ही बनवाए मंदिर में फंदे पर लटका ; बीमारी से था परेशान, सुसाइड से पहले मोबाइल किया अनलॉक

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। यहां पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेलूद में सांसद विजय बघेल के बेहद करीबी और भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता तारेंद्र बंछोर (50) ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दिल दहला देने वाली बात यह है कि तारेंद्र की लाश ठीक उसी शिव मंदिर के परिसर में फंदे पर लटकी मिली, जिसे उन्होंने 20 साल पहले खुद उपसरपंच रहते हुए बड़े चाव से बनवाया था। मामला उतई थाना क्षेत्र का है।


घटना की जो कड़ियां सामने आ रही हैं, उससे साफ है कि तारेंद्र मानसिक रूप से इस आत्मघाती कदम की तैयारी कर चुके थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने एक दिन पहले ही स्थानीय हार्डवेयर दुकान से रस्सी खरीदी थी। रविवार को वह पड़ोस में एक बर्सी कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां उनका व्यवहार बेहद सामान्य था और किसी को भनक तक नहीं लगी कि उनके जेहन में क्या चल रहा है। आज सुबह खौफनाक कदम उठाने से ठीक पहले उन्होंने अपने मोबाइल का लॉक खोलकर (अनलॉक) टेबल पर रख दिया था, ताकि उनकी मौत के बाद परिवार वालों को फोन ऑपरेट करने में कोई परेशानी न हो।


ग्रामीणों के मुताबिक, तारेंद्र बंछोर भाजपा के कर्मठ सिपाही होने के साथ-साथ वर्तमान में स्कूल समिति के अध्यक्ष भी थे। वह पिछले काफी समय से पेट की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और हाल ही में उन्हें निमोनिया भी हो गया था, जिसके कारण वे शारीरिक और मानसिक रूप से काफी परेशान थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी बीमारी से तंग आकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। अपने चहेते कार्यकर्ता की खुदकुशी की खबर मिलते ही सांसद विजय बघेल भी स्तब्ध रह गए और तुरंत सारे कार्यक्रम छोड़कर ग्राम सेलूद पहुंचे, जहां उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web