Share this post with:
राजधानी के सड्डू इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 साल के किशोर की जान चली गई। स्कूल बैग टांगे पैदल जा रहे बच्चे को एक तेज रफ्तार पानी टैंकर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की वीभत्सता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टैंकर का पहिया बच्चे के ऊपर से गुजरने के बाद भी वह कुछ पलों के लिए संघर्ष करते हुए खड़ा हुआ, लेकिन फिर जमीन पर गिर पड़ा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना विधानसभा थाना क्षेत्र की है। मंगलवार को हुई इस दुर्घटना के बाद चालक टैंकर लेकर मौके से फरार हो गया। मृतक बच्चा सड्डू के LIG सेक्टर-1 का निवासी बताया जा रहा है।
बच्चा सड़क किनारे चल रहा था, तभी तेज रफ्तार टैंकर आया और उसे रौंदते हुए निकल गया। पुलिस अब आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि टैंकर और उसके चालक तक पहुंचा जा सके।
पुलिस की जांच में एक बाइक सवार भी संदेह के दायरे में है। फुटेज में हादसे से ठीक पहले एक बाइक सवार नजर आ रहा है। पुलिस को आशंका है कि बाइक की अचानक हलचल या किसी अन्य कारण से बच्चा अनियंत्रित होकर टैंकर के सामने आ गया होगा। चौंकाने वाली बात यह है कि हादसे के तुरंत बाद वही अज्ञात बाइक सवार सबसे पहले बच्चे के पास पहुंचा था, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल विधानसभा पुलिस फरार आरोपी चालक और वाहन की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023