Share this post with:
जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे 63 पर स्थित मावलीभाटा-डिलमिली के करीब एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कोडेनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई इस दुर्घटना में जगदलपुर से बीजापुर की ओर जा रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी हाइवा से जा टकराई। यह हादसा देर रात उस वक्त हुआ जब पिकअप सवार लोग अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मनोहर पोयामी (45) व कुम्मा पोयामी (35) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोडेनार थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला।
मृतक किलेपाल इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल, पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी कर शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और पुलिस हादसे के सटीक कारणों की जांच में जुटी है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023