Share this post with:
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ शादी का प्रपोजल ठुकराने से बौखलाए एक युवक ने युवती के पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
घटना के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए गलत सरनेम बताकर युवती के परिवार से रिश्ता जोड़ने की कोशिश की थी। हालांकि, जैसे ही युवती के परिजनों को युवक की असलियत और उसके धोखे का पता चला, उन्होंने तुरंत शादी से साफ इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी प्रतिशोध की आग में जल रहा था।
सोमवार को जब युवती के पिता अपने घर के पास स्थित एक गैरेज में अपनी बाइक बनवा रहे थे, तभी आरोपी वहां पहुँच गया और मौका पाते ही उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई और पीड़िता के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
पूरी वारदात गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी की क्रूरता साफ देखी जा सकती है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। घायल पिता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति बनी हुई है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023