Share this post with:
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के थाना क्षेत्र अंतर्गत जोंगरा गांव में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने 25 वर्षीय युवती पूर्णिमा चौहान की उसके घर के भीतर घुसकर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने युवती को देखते ही उस पर तीन राउंड फायरिंग की, जिससे गोली उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में जा लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, जोंगरा निवासी पूर्णिमा चौहान पंजाब की एक प्राइवेट कंपनी (स्वामिनी प्राइवेट लिमिटेड) में पिछले 4 साल से सेल्स का काम करती थी। पूर्णिमा की शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन रिश्ता टूटने के बाद वह पिछले 2 साल से अपने मायके में ही रह रही थी। शुक्रवार (26 जून) सुबह करीब 11 बजे बिना नंबर की बाइक पर दो युवक उसके घर पहुंचे, जिन्होंने अपने मुंह को सफेद गमछे से ढक रखा थी।
एक आरोपी गन लेकर घर के अंदर दाखिल हुआ और परिवार वालों से पूर्णिमा के बारे में पूछताछ करने लगा, जबकि उसका दूसरा साथी बाहर बाइक पर खड़ा रहा. जैसे ही पूर्णिमा अपने कमरे से बाहर निकली, आरोपी ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर जब परिवार के लोग बाहर आए, तो पूर्णिमा खून से लथपथ हालत में पड़ी थी और दोनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हमलावरों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Share this post with:
26 Jun 2026
25 Jun 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023