Share this post with:
छत्तीसगढ़ की बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डबल मर्डर के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी ने जेल परिसर में बने गैसीफायर प्लांट की जलती भट्टी में छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया।
मृतक कैदी की पहचान चांपा के बम्हनीडीह निवासी 46 वर्षीय राहुल उर्फ विकेश कंवर के रूप में हुई है, जो बीते 10 सालों से बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद था। इस खौफनाक कदम के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है, क्योंकि पिछले महज एक महीने के भीतर इस जेल में बंदियों की मौत का यह 5वां मामला है। इससे पहले 23 जून को पॉक्सो एक्ट के आरोपी नीलू जगत की जेल के भीतर हत्या हुई थी, जबकि रायगढ़ निवासी रामभरोसे माझी, गतौरा निवासी राजू गोंड और धर्मेंद्र सिंह की भी हाल ही में मौत हो चुकी है।
लगातार मौतों और इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत सेंट्रल जेल पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मामले की गहन जांच में जुट गई है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023