The Bare Truth

महिला को नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर रीयल स्टेट कारोबारी ने किया रेप, PMO तक पहुंची शिकायत तो दर्ज हुई FIR

11 Jul 2026  

महिला को नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर रीयल स्टेट कारोबारी ने किया रेप, PMO तक पहुंची शिकायत तो दर्ज हुई FIR

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक रीयल स्टेट कारोबारी ने सिलाई सेंटर चलाने वाली महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर न सिर्फ उसके साथ दुष्कर्म किया, बल्कि उसका अश्लील वीडियो बनाकर पिछले 8 महीनों तक ब्लैकमेल करता रहा। लोक-लाज और आरोपी की धमकियों से डरी पीड़िता ने न्याय के लिए सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को डाक के जरिए शिकायत भेजी। PMO के दखल के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने अब जाकर आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।


पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मुंगेली नाका के पास किराए के कमरे में सिलाई सेंटर चलाने वाली 37 वर्षीय महिला की पहचान उसके मकान मालिक और रीयल स्टेट कारोबारी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू नारंग (45) से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि सितंबर 2024 में आरोपी ने उसे झांसा दिया कि उसका एक परिचित हाईकोर्ट का बड़ा वकील है, जो महिला के किसी पुराने केस को सुलझाने में मदद कर सकता है। 

 

इसी बहाने से आरोपी बंटू नारंग ने 8 सितंबर 2024 की दोपहर करीब दो बजे महिला को होटल ईस्ट पार्क बुलाया, जहां उसने कोल्ड ड्रिंक या पानी में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को पिला दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ ज्यादती कर अश्लील वीडियो बना लिया।


इस खौफनाक वारदात के बाद आरोपी लगातार उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करने लगा। बदनामी के डर से महिला चुप रही, जिसका फायदा उठाकर आरोपी अप्रैल 2025 तक अलग-अलग होटलों में बुलाकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। विरोध करने पर आरोपी महिला को दुकान खाली कराने, जेल भिजवाने और झूठे ड्रग्स केस (मादक पदार्थ) में फंसाने की धमकी देता था। 

आरोपी महिला पर धौंस जमाता था कि बड़े पुलिस अधिकारियों तक उसकी सीधी पहुंच है, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। बहरहाल, दिल्ली से आए निर्देशों के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web