Share this post with:
रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर इलाके में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बैटरी कारोबारी ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर देने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस खौफनाक कदम के कारण एक ही परिवार के सभी पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम, फोरेंसिक एक्सपर्ट और वरिष्ठ अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे।
शुरुआती जांच में कमरे के भीतर सभी मृतकों के मुंह से झाग निकलता मिला है, साथ ही घटनास्थल से खाने-पीने के बर्तनों के पास एक कीटनाशक का डिब्बा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने रातभर मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद उस मकान को पूरी तरह सील कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, संजय नगर निवासी सय्यद उमेर अली के मकान में सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45 वर्ष) पिछले आठ महीनों से अपने परिवार के साथ किराए पर रह रहा था। परिवार में उसकी पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19 वर्ष), बेटी शाहिदा (17 वर्ष) और दूसरी बेटी इरशाबा बेगम (16 वर्ष) शामिल थे।
शाहिद पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का काम करता था, जबकि उसका बड़ा बेटा एक निजी कंपनी में नौकरी कर घर चलाने में मदद करता था। कमरे के हालातों को देखते हुए पुलिस आशंका जता रही है कि शाहिद ने किसी अज्ञात वजह से पहले भोजन में घातक कीटनाशक मिलाकर अपनी पत्नी और तीनों बच्चों को खिलाया और जब उन सबकी मौत हो गई, तो उसने खुद भी फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सामूहिक मौत के इस खौफनाक मामले की वास्तविक वजह और मौत का सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा।
Share this post with:
18 Jul 2026
18 Jul 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023