Share this post with:
अंबिकापुर में पारिवारिक विवाद के चलते दामाद द्वारा अपने ही ससुर की सुपारी देकर निर्मम हत्या कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी एलआईसी एजेंट बशीरुद्दीन उर्फ लज्जू (64) की 16 सितंबर की सुबह घर में घुसकर चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साजिशकर्ता दामाद मो. नाजिम शबा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि झारखंड से आया एक सुपारी किलर फिलहाल फरार है।
मृतक की बेटी सादिया के अनुसार, उसका पति नाजिम के साथ कोर्ट में तलाक का मुकदमा चल रहा था और पति लगातार केस वापस न लेने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकियां दे रहा था। इसी रंजिश में नाजिम ने ससुर की हत्या के लिए झारखंड से शूटरों को 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। वारदात की सुबह हथियारबंद बदमाश पिस्टल और चाकू लेकर घर में घुसे और बशीरुद्दीन पर ताबड़तोड़ चाकू से तीन वार कर दिए।
गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को परिजन पहले मिशन अस्पताल ले गए, जहां मेडिकल लीगल केस बताकर इलाज से टालमटोल की गई; इसके बाद उन्हें फिरदौसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आईजी दीपक कुमार झा और एसएसपी राजेश अग्रवाल ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच तेज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता दामाद और दो हमलावरों को धर दबोचा। पुलिस अब फरार शूटर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023