Share this post with:
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर
थाना में पुलिसिया रौब का मामला सामने आया है। अपने केस की जानकारी लेने पहुंचे एक फरियादी के साथ ही ASI ने मारपीट कर दी। आरोप है कि एएसआई दिनेश तिवारी ने युवक को 15-20 थप्पड़ जड़ दिए, जिससे उसका कान सुन्न पड़ गया।
घटना 12 अप्रैल की दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। रतनपुर के बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल अपने पुराने मामले की स्थिति जानने थाने पहुंचे थे। उन्होंने जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने की जानकारी मांगी, इसी बात पर ASI भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान एएसआई ने धमकी भी दी— “बहुत बड़ा नेता बनता है, तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा, जेल भिजवा दूंगा।” घटना के वक्त थाने में अन्य स्टाफ भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। फरियादी का कहना है कि जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के एवज में उससे पैसों की मांग भी की जा रही थी।
शिकायत के बाद SSP रजनेश सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ASI दिनेश तिवारी को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही पीड़ित की शिकायत पर उसी थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच के आदेश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ित ने खुद को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का रिश्तेदार भी बताया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023