Share this post with:
छत्तीसगढ़ में मानसूनी तंत्र पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है, जिसके चलते राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 19 अगस्त (बुधवार) को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, झारखंड और उससे सटे पश्चिम बंगाल के ऊपर बने वेदर डिप्रेशन सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का यह मिजाज बदला है, जिसके अगले दो दिनों तक इसी तरह बने रहने का अनुमान है।
राजधानी रायपुर में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर लगातार बारिश हो रही है, जिससे शहर तरबतर है। बीते 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में भी गिरावट आई है। इस दौरान रायपुर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को राजधानी में दिनभर घने बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के साथ कई दौर में बारिश होने का अनुमान है, जहां पारा 24 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तापमान की बात करें तो बुधवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023