Share this post with:
पायधुनी इलाके में रविवार को फूड पॉइजनिंग का एक दर्दनाक मामला सामने आया, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और स्वास्थ्य विभाग व पुलिस दोनों जांच में जुट गए हैं। मामला मुम्बई का है।
मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया (35) और उनकी दो बेटियां आयशा (16) और ज़ैनब (13) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार ने शनिवार रात करीब 10:30 बजे बिरयानी खाई थी। इसके बाद देर रात 1 से 1:30 बजे के बीच उन्होंने तरबूज खाया।
परिजनों के अनुसार, भोजन के कुछ ही घंटों बाद रविवार सुबह 5:30 से 6 बजे के बीच चारों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। पहले फैमिली डॉक्टर से संपर्क किया गया, जिसके बाद हालत गंभीर देखते हुए सभी को जे.जे. अस्पताल रेफर किया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान सबसे पहले सुबह 10:15 बजे छोटी बेटी ने दम तोड़ा। इसके बाद एक-एक कर सभी की हालत बिगड़ती गई और रविवार रात 10:30 बजे परिवार के मुखिया अब्दुल्ला डोकाडिया की भी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पायधुनी पुलिस ने दुर्घटनावश मौत (ADR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या खाना खराब था या कोई और वजह इसके पीछे है, इसका जवाब जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023