Share this post with:
**बिलासपुर।** छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से न्याय व्यवस्था और रिश्तों को झकझोर देने वाला एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी इलाके में रहने वाली एक 87 साल की बेबस बुजुर्ग महिला ने सिस्टम से हारकर इच्छा मृत्यु की मांग की है। आरोप है कि एक भाजपा समर्थित पंच ने बुजुर्ग महिला की बेबसी का फायदा उठाकर केवाईसी, धान-पंजीयन और बीमा कराने के बहाने उनकी करीब 90 लाख रुपए की पूरी संपत्ति हड़प ली। हद तो तब हो गई जब बार-बार गुहार लगाने के बाद भी खाकी ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे तंग आकर पीड़िता ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को खत लिखकर मौत मांगी है। हालांकि, मामला तूल पकड़ने के बाद अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दिल को रुला देने वाली यह कहानी बेलगहना की रहने वाली बुजुर्ग बालकुंवर बसोर की है। बालकुंवर के जीवन में दुखों का पहाड़ तब टूटा जब उन्होंने अपने पति और तीन बेटों को हमेशा के लिए खो दिया। आज इस उम्र में भी वह बांस की टोकरियां (झौवा-टुकनी) बेचकर किसी तरह अपना और अपनी साथ रहने वाली बेटी का पेट पाल रही हैं। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि उनकी इसी लाचारी पर केन्दा के रहने वाले भाजपा समर्थित पंच फगुन प्रसाद प्रजापति उर्फ मोनू की गंदी नजर पड़ी। उसने मदद का ढोंग रचाया और बैंक में केवाईसी कराने के बहाने बुजुर्ग महिला से नजदीकियां बढ़ा लीं।
जालसाजी का यह खेल बेहद शातिराना ढंग से खेला गया। आरोप है कि 14 दिसंबर 2021 को आरोपी मोनू ने धोखे से बालकुंवर के भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के खाते से 23 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। इतने से भी मन नहीं भरा तो उसने ग्राम पंचायत लूफा में स्थित बुजुर्ग महिला की खसरा नंबर 763 और 991/2 की करीब 2.5 हेक्टेयर की कीमती कृषि भूमि भी चुपके से अपने नाम करवा ली। पीड़िता का रो-रोकर बुरा हाल है, उनका कहना है कि यह जालसाज उनके घर में रखा जीवनभर की कमाई का सोना-चांदी भी समेटकर ले गया और उन्हें पाई-पाई के लिए मोहताज कर दिया।
Share this post with:
15 Jun 2026
12 Jun 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023