The Bare Truth

BITS पिलानी से बीटेक, 48 लाख का पैकेज बताकर की शादी, बायोडाटा निकला फर्जी, 6.76 लाख ऐंठने पर दूल्हे समेत माता-पिता पर FIR

17 Sep 2026  

BITS पिलानी से बीटेक, 48 लाख का पैकेज बताकर की शादी, बायोडाटा निकला फर्जी, 6.76 लाख ऐंठने पर दूल्हे समेत माता-पिता पर FIR

Share this post with:

बिलासपुर में खुद को प्रतिष्ठित संस्थान का इंजीनियर और सालाना लाखों रुपये कमाने वाला बताकर शादी रचाने और ससुराल वालों से ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी हर्षदीप राम जाड़ी ने खुद को बिट्स पिलानी से बी.टेक, जयपुर की एक कंपनी में 48 लाख रुपये सालाना पैकेज पर कार्यरत, 150 से 200 एकड़ जमीन का मालिक और 88 लाख रुपये सालाना टर्नओवर होने का फर्जी दावा किया था। शादी के बाद जब सच्चाई सामने आई तो युवक का पूरा बायोडाटा झूठा निकला। यही नहीं, आरोपी युवक और उसके माता-पिता पर युवती के परिवार से 6.76 लाख रुपये ऐंठने का भी आरोप लगा है।


मूल रूप से जशपुर की रहने वाली 30 वर्षीय पीड़िता मीतू, जो साल 2022 से बिलासपुर के कोनी स्थित गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रही हैं, ने बताया कि हर्षदीप उनके साथ हाईस्कूल में पढ़ता था। 2022 में दोनों का दोबारा संपर्क हुआ और बातचीत शुरू हो गई। मई 2024 में हर्षदीप ने शादी का प्रस्ताव रखा, जिस पर मीतू ने पारिवारिक सहमति की बात कही। 

 

इसके बाद 8 जनवरी 2025 को कोनी के आरजे प्वाइंट कैफे में मुलाकात के दौरान हर्षदीप ने उन्हें अपना कथित प्रोफाइल व बायोडाटा सौंपा था। झांसे में आकर शादी करने के बाद जब फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ, तो पीड़िता ने जशपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। जशपुर पुलिस ने शून्य पर कायमी कर केस डायरी बिलासपुर भेजी, जिसके आधार पर कोनी थाना पुलिस ने आरोपी हर्षदीप और उसके माता-पिता के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web