The Bare Truth

ब्रेकिंग : बस से 2 करोड़ का 20 क्विंटल गांजा जब्त; झाड़ू और कपड़ों की आड़ में कटनी भेजा जा रहा था नशा

04 Jun 2026  

ब्रेकिंग : बस से 2 करोड़ का 20 क्विंटल गांजा जब्त; झाड़ू और कपड़ों की आड़ में कटनी भेजा जा रहा था नशा

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। गुरुवार को जयनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बस की तलाशी के दौरान करीब 20 क्विंटल (2000 किलोग्राम) गांजा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। तस्करों ने इस खेप को पुलिस की नजरों से छिपाने के लिए कपड़ों की गठरियों का सहारा लिया था।


शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि सरगुजा पासिंग की इस बस के जरिए झाड़ू की आड़ में गांजे की यह बड़ी खेप कटनी (मध्य प्रदेश) भेजी जा रही थी। तस्करों ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए बस में झाड़ू बेचने वाले महिला और पुरुष को सवार कर रखा था, जो पुलिस की नाकेबंदी और अचानक हुई कार्रवाई को देखकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। फिलहाल पुलिस ने बस के ड्राइवर और हेल्पर को हिरासत में ले लिया है, जिनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की टीम इस पूरे अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क को खंगालने और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


महासमुंद में भी पकड़ाया था 3 करोड़ का गांजा


गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ यह कोई पहली बड़ी कार्रवाई नहीं है। महज 5 दिन पहले ही महासमुंद जिले की सिंघोड़ा थाना पुलिस ने भी 3 करोड़ रुपये की कीमत का 6 क्विंटल गांजा बरामद किया था। उस मामले में आरोपी ओडिशा से एक माजदा वाहन में गांजा भरकर महाराष्ट्र ले जा रहा था। तस्करों ने गांजे को मशीनरी सामानों के कार्टूनों के नीचे बोरियों में छिपाकर रखा था। उस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा, वाहन, मोबाइल और कैश समेत कुल 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति कुर्क की थी।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web