Share this post with:
बीजापुर में सुदूर वनांचल को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। बीजापुर-पूवर्ती मार्ग पर नवनिर्मित आधुनिक बेली ब्रिज का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे बदलते बस्तर का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास की किरणें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें।
यह बेली ब्रिज न केवल आवागमन को सुगम बना रहा है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसरों के द्वार भी खोल रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे विकास, विश्वास और सुशासन का सशक्त सेतु करार दिया। भारतीय सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा निर्मित इस पुल की तकनीक पारंपरिक पुलों की तुलना में लगभग 5 गुना कम लागत में तैयार की जा सकती है, जिसे मात्र एक माह के भीतर पूरा करना संभव है। बीजापुर जिले में अब तक 21 बेली ब्रिजों का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसने दुर्गम क्षेत्रों में कनेक्टिविटी की चुनौतियों को खत्म कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के युवा और श्रमिक ही विकास यात्रा के असली निर्माता हैं। कोण्डापल्ली का यह पुल दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को मात देते हुए बस्तर के दूरस्थ अंचलों में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क और बुनियादी ढांचे का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जो आम जनता के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में मददगार साबित हो रही है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023