Share this post with:
राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में बीएससी कृषि के प्रश्नपत्र लीक मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड प्रोफेसर सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। जांच में सामने आया है कि पहले बीएससी सेकंड ईयर के चौथे सेमेस्टर के कीटशास्त्र (Entomology) का पेपर लीक हुआ था, जिसके बाद मामले की कड़ियां जुड़ने पर फर्स्ट ईयर के प्लांट पैथोलॉजी (Plant Pathology) का पेपर भी लीक किए जाने का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, दुर्ग का एक कॉलेज प्रोफेसर इस पूरे पेपर लीक सिंडिकेट का मुख्य सूत्रधार है। प्रोफेसर ने सीलबंद लिफाफे में रखे प्रश्नपत्रों को हासिल करने के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया। उसने प्रश्नपत्र वाले सीलबंद लिफाफे में सुई और नुकीले औजारों से एक बारीक छेद किया। इसके बाद करीब ₹2,500 में खरीदे गए मेडिकल एंडोस्कोपी कैमरे को उस छेद के रास्ते लिफाफे के भीतर डालकर पूरे प्रश्नपत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली।
वीडियो से पेपर की सामग्री को हूबहू उतारकर नकल तैयार की गई और फिर इसे अपने ही कॉलेज के छात्र अजय नायक समेत तीन विद्यार्थियों को ₹11,000 में बेच दिया गया। इन छात्रों के पास पेपर पहुंचते ही यह सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए तेजी से वायरल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Share this post with:
22 Aug 2026
22 Aug 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023