Share this post with:
छत्तीसगढ़ को सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सुविधाओं का हब बनाने के लिए नवा रायपुर में 100 एकड़ क्षेत्र में 5 हजार बिस्तरों की क्षमता वाली भव्य मेडिसिटी विकसित की जा रही है। नवा रायपुर स्थित मेफेयर में बालको मेडिकल सेंटर द्वारा 'रेस्टोरिंग बैलेंस टू कैंसर केयर' थीम पर आयोजित चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई सिर्फ दवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीज को यह भरोसा दिलाना जरूरी है कि वह अकेला नहीं है; डॉक्टरों की संवेदनशीलता और समाज का भावनात्मक संबल ही उसकी असली ताकत बनता है। इलाज के भारी खर्च से परिवारों को बचाने के लिए राज्य में आयुष्मान भारत से 5 लाख और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 25 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि 'मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान' के तहत अब तक करीब 34 लाख लोगों की स्क्रीनिंग कर 40 हजार मरीजों को समय पर इलाज से जोड़ा गया है, वहीं राज्य गठन के समय मात्र एक मेडिकल कॉलेज से बढ़कर अब प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और 5 नए संस्थान पाइपलाइन में हैं।
कॉन्क्लेव में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य में अब कैंसर को 'नोटिफाइड बीमारी' घोषित करने का फैसला लिया गया है, जिससे प्रदेशभर के कैंसर मरीजों का एक व्यवस्थित डिजिटल डेटाबेस तैयार कर उनकी ट्रैकिंग और उपचार को पुख्ता किया जा सकेगा। इसके साथ ही महिलाओं को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान को मिशन मोड में चलाया जाएगा।
दो दिवसीय इस राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में 11 अंतरराष्ट्रीय और 200 से अधिक राष्ट्रीय ऑन्कोलॉजिस्ट हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें स्त्री रोग संबंधी कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर के आधुनिक उपचार पर गहन मंथन हो रहा है। सीएम ने इस दौरान सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का औपचारिक शुभारंभ किया और कैंसर की प्रारंभिक जांच व आधुनिक तकनीकों से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन कर विशेषज्ञों से सुदूर वनांचल तक सस्ती तकनीक पहुंचाने पर चर्चा की।
Share this post with:
19 Sep 2026
18 Sep 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023