The Bare Truth

ब्रेकिंग : भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम घोषित, 65 पदाधिकारियों में दिल्ली से सबसे ज्यादा, वसुंधरा उपाध्यक्ष तो स्मृति ईरानी बनीं महासचिव

17 Aug 2026  

ब्रेकिंग : भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम घोषित, 65 पदाधिकारियों में दिल्ली से सबसे ज्यादा, वसुंधरा उपाध्यक्ष तो स्मृति ईरानी बनीं महासचिव

Share this post with:

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी है, जिसके तहत कुल 65 महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। नई टीम में राज्यों के प्रतिनिधित्व के लिहाज से दिल्ली का दबदबा देखने को मिला है, जहां से सर्वाधिक 10 नेताओं को स्थान मिला है। इसके बाद उत्तर प्रदेश से 8, मध्य प्रदेश से 6, महाराष्ट्र से 5 तथा राजस्थान, उत्तराखंड और गुजरात से 4-4 नेताओं को केंद्रीय टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा बिहार से 3, जबकि छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल, केरल और हरियाणा से 2-2 तथा कर्नाटक, त्रिपुरा, झारखंड, नागालैंड, तमिलनाडु, असम और चंडीगढ़ से 1-1 पदाधिकारी बनाए गए हैं।


नई राष्ट्रीय टीम में 12 महिला नेत्रियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व बढ़ाया गया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, दिल्ली से राम माधव, ओडिशा से बैजयंत जय पांडा के साथ-साथ डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोषी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को शामिल किया गया है। 

 

वहीं संगठन के सबसे अहम पद यानी राष्ट्रीय महामंत्री (महासचिव) के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को कमान सौंपी गई है।


महिला मोर्चा और अन्य दायित्वों के तहत कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्याक और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है, जबकि रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष और प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा दिल्ली से बीएल संतोष, संदीप पाठक, स्वदेश सिंह, प्रदीप भंडारी, सिद्धार्थ यादव, यूपी से प्रो. तारिक मंसूर, अमरपाल मौर्य, एमपी से वीडी शर्मा, लाल सिंह आर्य, महाराष्ट्र से पीयूष गोयल और पंजाब से मनप्रीत सिंह बादल जैसे प्रमुख चेहरों को भी संगठन में अहम भूमिकाएं दी गई हैं।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web