Share this post with:
अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक पर बारिश और कीचड़ से बदहाल सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मामले का सीधा संज्ञान लिया है। सीएम ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर जमीनी हालात की जानकारी ली और मौके का तत्काल निरीक्षण कर सड़क के बड़े गड्ढों को भरने, समतलीकरण कराने तथा जल निकासी की व्यवस्था तुरंत दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को सख्त हिदायत दी है कि वे दफ्तरों से निकलकर खुद निर्माणाधीन व भारी यातायात वाली सड़कों का मौका मुआयना करें। सीएम ने दो टूक कहा कि सड़क चाहे नेशनल हाईवे, पीडब्ल्यूडी या नगरीय निकाय—किसी भी एजेंसी की हो, मानसून के दौरान नागरिकों को आवागमन में दिक्कत नहीं होनी चाहिए और अंतरिम मरम्मत कर हर हाल में सड़कों को चलने योग्य बनाया जाए; जहां जलभराव या कटाव का खतरा हो वहां तुरंत बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
सीएम ने यह भी निर्देशित किया कि बारिश खत्म होते ही सभी स्वीकृत व निर्माणाधीन सड़कों पर युद्धस्तर पर काम शुरू कर समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराया जाए।
Share this post with:
14 Sep 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023