Share this post with:
देश भर में जारी बवाल के बीच पेपर लीक संशोधन बिल को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस बिल पर मुहर लगाई गई। अब इसे सोमवार, 27 जुलाई को संसद में पेश किया जाएगा।
हालांकि, कैबिनेट फैसलों की जानकारी देने आए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से जब मीडिया ने इस संशोधन बिल पर सवाल किए, तो उन्होंने कोई सीधा जवाब न देते हुए केवल "नेक्स्ट" कहा और चुटकी लेते हुए बोले— "आज कोई पेपर लीक नहीं हो रहा।"
दूसरी ओर, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार सोमवार को छात्रों के भविष्य से जुड़ा यह महत्वपूर्ण बिल संसद में पेश करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री का निर्देश है कि इसमें कोई देरी न हो। रिजिजू ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस छात्रों के मुद्दों के नाम पर संसद की कार्यवाही में बाधा डालती है, तो वह खुद अपने ही जाल में फंस जाएगी।
संसद में NTA का लेखा-जोखा: 5 साल में कमाई और खर्च दोनों दोगुने
संसद के भीतर केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की आय और उसके कामकाज का ब्योरा पेश किया:
कमाई और खर्च का आंकड़ा: NTA की कमाई बीते 5 वर्षों में दोगुनी से अधिक हो गई है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में एजेंसी की आय ₹504 करोड़ थी, जो 2023-24 में बढ़कर ₹1,116 करोड़ पहुंच गई। वहीं, इसी अवधि में NTA का खर्च ₹440 करोड़ से बढ़कर ₹1,040 करोड़ हो गया।
270 से ज्यादा परीक्षाएं कराया: 2018 में गठन के बाद से NTA अब तक 270 से अधिक परीक्षाएं आयोजित कर चुकी है, जिनमें 6.6 करोड़ से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया।
वर्ष 2026 में स्थिति: साल 2026 में अब तक NTA द्वारा 12 परीक्षाएं कराई जा चुकी हैं, जिनमें 65 लाख कैंडिडेट्स शामिल हुए।
कर्मचारियों का ढांचा: NTA में केवल 39 स्थायी पद हैं। इसके अलावा एजेंसी का कामकाज संभालने के लिए 73 संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) और 124 आउटसोर्स कर्मचारी तैनात हैं।
Share this post with:
22 Jul 2026
20 Jul 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023