Share this post with:
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदननगर-धरमपुर इलाके में SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) की भूमि अधिग्रहण को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक हो गया। कार्रवाई करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पथराव कर दिया। इस हिंसक हमले में DSP राजेश जोशी समेत 24 से ज्यादा पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सरपंच पुत्र की गिरफ्तारी के बाद भड़का आक्रोश
घटना की मुख्य वजह SECL भूमि अधिग्रहण से जुड़ा पुराना विवाद है। मदननगर-धरमपुर क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से जमीन अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों की साफ मांग है कि उन्हें जमीन के बदले मुआवजा नहीं, बल्कि जमीन ही दी जाए। बीते दिनों जब एक सर्वे टीम इलाके में पहुंची थी, तब ग्रामीणों ने टीम को बंधक बना लिया था।
इसी मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सरपंच के पुत्र को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और धरने पर बैठ गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने हाथों में हथियार लेकर पुलिसकर्मियों को खदेड़ने का प्रयास किया।
भारी बल के साथ पहुंची थी पुलिस, गांव में तनाव
बंधक बनाने के मामले में शामिल अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए जब भारी पुलिस बल धरमपुर पहुंचा, तो बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्र हो गए। कार्रवाई का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने पुलिस पर पत्थरों से हमला बोल दिया, जिससे कई जवानों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है और एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Share this post with:
24 Jul 2026
23 Jul 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023