Share this post with:
अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महामाया रोड पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग सिंहदेव के भतीजे अभिरत सिंहदेव (22) पर कुछ बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना 7 सितंबर की शाम की है, जब अभिरत अपने दोस्त देव दुबे के साथ स्कूटी से महामाया पारा जा रहे थे।
रास्ते में समलाया मंदिर के पास गोलू पठान, राज बंगाला और उनके साथियों ने स्कूटी रोककर जबरन रुपयों की मांग की। विरोध करने और पैसे देने से इनकार करने पर बदमाशों ने अभिरत को चारों तरफ से घेर लिया और हाथ-मुक्कों से बेदम पिटाई कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने उनकी जेब से जबरन 2500 लूट लिए और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
इस पूरी वारदात का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें मनचले युवक स्कूटी सवार अभिरत को रोककर झूमाझटकी और मारपीट करते साफ दिखाई दे रहे हैं; पीड़ित किसी तरह जान बचाकर वहां से स्कूटी लेकर भागा। अभिरत की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपी गोलू पठान, राज बंगाला सहित अन्य के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं 296, 351(3), 115(2), 191(2), 119(1) और 324(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023