Share this post with:
छत्तीसगढ़ में कथित शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने धमतरी के सिहावा रोड स्थित कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के आवास पर दबिश दी है। सुबह-सुबह हुई इस अचानक छापेमारी से राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ED की टीम सुबह करीब 7 बजे दो गाड़ियों में सवार होकर रामगोपाल अग्रवाल के निवास पर पहुंची। टीम में केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों समेत कुल 8 सदस्य शामिल हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए घर के मुख्य द्वार पर सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने या बाहर आने की अनुमति नहीं दी जा रही है। जांच एजेंसी के अधिकारी घर के भीतर मौजूद वित्तीय दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य जरूरी रिकॉर्ड की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में बहुचर्चित शराब, कोयला परिवहन और कस्टम मिलिंग से जुड़े कथित घोटालों के तार खंगालने के लिए ED की यह कार्रवाई की जा रही है। मामले में टीम द्वारा दस्तावेजों की जब्ती और जांच की प्रक्रिया लगातार जारी है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023