Share this post with:
NEET-UG पेपर लीक विवाद और जंतर-मंतर पर छात्रों के लगातार जारी आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले पिछले 36 दिनों से प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मुख्य मांग शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की ही थी। वहीं एनटीए के 45 से ज्यादा लोग बर्खास्त कर दिए गए हैं। धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर त्यागपत्र जारी कर अपने इस्तीफे की सार्वजनिक जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे त्यागपत्र में उन्होंने लिखा कि वे पिछले 4 दशकों से छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने पत्र में स्वीकार किया कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद मामला सीबीआई को सौंपा गया, परीक्षा रद्द कर पुन: परीक्षा आयोजित की गई और अगले वर्ष से इसे सीबीटी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) मोड में कराने का फैसला लिया गया।
धर्मेंद्र प्रधान ने पत्र में लिखा कि उन्होंने पहले दिन से ही नैतिक जिम्मेदारी ली और किसी भी मेधावी छात्र का भविष्य खराब न होने देने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर और देश भर में जो स्थिति बनी है, उसका देश विरोधी ताकतें लाभ न उठाएं और विद्यार्थियों का भविष्य कानूनी पेचीदगियों में न उलझे, इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री को भेज दिया है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023