Share this post with:
छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का एक बेहद चौंकाने वाला और नया तरीका सामने आया है, जहां ओडिशा से आने वाला नशा अब 'फेरीवालों' के जरिए आपके घर के दरवाजे तक पहुंचने लगा है। महासमुंद और धमतरी पुलिस ने ऐसे अंतरराज्यीय गिरोहों का पर्दाफाश किया है जो बाइक पर कपड़े बेचने के बहाने गांजे की सप्लाई कर रहे थे।
इन तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बाइक में लोहे का एक खास 'सीक्रेट बॉक्स' बनवाया था। ऊपर से देखने पर लगता था कि बाइक पर कपड़ों का ढेर लदा है, लेकिन नीचे बने गुप्त केबिन में गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने महासमुंद और धमतरी में कुल 4 अलग-अलग कार्रवाइयों में 378 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.90 करोड़ रुपए है।
इस मामले में महासमुंद से 10 तस्कर और धमतरी में एक नाबालिग समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ के रास्ते दूसरे राज्यों में खपाने की तैयारी में थे। फिलहाल पुलिस पकड़े गए सभी 13 आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023