The Bare Truth

ब्रेकिंग : खड़े ट्रैक्टर से टकराई तेज रफ्तार स्कूटी, दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों समेत 4 की मौत, एक गंभीर

16 Jul 2026  

ब्रेकिंग : खड़े ट्रैक्टर से टकराई तेज रफ्तार स्कूटी, दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों समेत 4 की मौत, एक गंभीर

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो मासूम बच्चों सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना कुम्हारी थाना इलाके की है, जहां सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच एक तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर के पीछे जा घुसी। स्कूटी पर बच्चों समेत कुल पांच लोग सवार थे, जो उतई के रहने वाले थे और रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। 

 

इस भीषण टक्कर में स्कूटी चला रही भिलाई-3 निवासी अमृता निर्मलकर (28 वर्ष), लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष), 7 वर्षीय मासूम यासना और 4 वर्षीय डाली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में एक 8 वर्षीय बच्चा भावेश गंभीर रूप से जख्मी हुआ है, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए रायपुर एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।


सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कुम्हारी थाना पुलिस ने राहत कार्य शुरू करते हुए सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला मर्च्युरी भिजवा दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी (CG 07 DE 5847) और ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) को जब्त कर लिया है।

 

 मामले में लापरवाही पूर्वक वाहन खड़ा करने के आरोप में ट्रैक्टर चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक ही स्कूटी पर पांच लोगों के सवार होने और हाईवे पर खड़े भारी वाहन को नहीं देख पाने की वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं इस दुखद घटना के बाद मृतकों के गृहग्राम उतई में मातम पसर गया है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web