Share this post with:
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के चेंबूर इलाके से एक बेहद दुखद और बड़ा हादसा सामने आया है। यहां सोमवार दोपहर को एक प्राइवेट स्कूल बस पर अचानक एक विशाल पेड़ गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं, एक छात्र के अभी भी बस के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिसे निकालने के प्रयास जारी हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा चेंबूर के रोड नंबर 11 पर उस समय हुआ जब स्कूल की छुट्टी होने के बाद प्राइवेट बस रोज की तरह बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक विशाल पेड़ अचानक उखड़कर चलती बस पर आ गिरा। पेड़ की भारी-भरकम डालियां बस की छत पर इतनी तेजी से गिरीं कि बस का अगला और बीच का हिस्सा बुरी तरह से पिचक गया।
हादसे की खबर मिलते ही स्कूल प्रशासन और बच्चों के बदहवास परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन की टीम राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल टीम पेड़ की डालियों को काटकर बस में फंसे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशों में जुटी हुई है।
Share this post with:
01 Jul 2026
01 Jul 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023