Share this post with:
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित घोटाले की जांच के घेरे को और विस्तृत करते हुए आज सुबह पूर्व आईएएस जेके ध्रुव के ठिकानों पर छापेमारी की है। भिलाई स्थित ध्रुव के आवास सहित तीन अलग-अलग स्थानों पर तड़के 6 बजे पहुंची केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने घेराबंदी कर दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया है। सीजी-पीएससी भर्ती घोटाले के मामले में पहले से ही जेल की हवा खा रहे सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी के घर ईडी की इस कार्रवाई को रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक कॉरिडोर के भुगतान में हुई कथित अनियमितताओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस बहुचर्चित मामले की कड़ी मुख्य आरोपी और जमीन दलाल हरमीत सिंह खनूजा से जुड़ती है, जिस पर जमीन अधिग्रहण के नाम पर सरकारी खजाने को चूना लगाने के गंभीर आरोप हैं। जांच के दौरान ईडी के रडार पर खनूजा के ससुर हरमीत सिंह चावला भी आए हैं, जिनसे जुड़े लेनदेन के महत्वपूर्ण सुराग एजेंसी के हाथ लगे हैं। करीब 43 करोड़ रुपये के इस घोटाले के खेल को बड़ी ही चालाकी से अंजाम दिया गया था, जिसमें जमीन के छोटे-छोटे टुकड़े कर एनएचएआई (NHAI) को भुगतान के लिए 78 करोड़ रुपये का दावा पेश किया गया था।
इस पूरे गोरखधंधे में एसडीएम, पटवारी और भू-माफिया का एक पूरा सिंडिकेट शामिल रहा, जिसने बैकडेटेड दस्तावेज तैयार कर शासन को गुमराह किया। फिलहाल ईडी के अधिकारी मौके पर मौजूद डिजिटल साक्ष्यों और फाइलों की गहन पड़ताल कर रहे हैं ताकि इस वित्तीय गड़बड़ी के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023