Share this post with:
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले और कथित अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने प्रदेशभर में एक साथ 7 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। दुर्ग जिले में जांच एजेंसी की दो टीमें सक्रिय हैं, जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व निज सहायक (PA) केके चंद्रवंशी और पटवारी कमलेश सिंह राजपूत के ठिकानों पर सघन जांच चल रही है।
भिलाई स्थित केके चंद्रवंशी के आवास पर मंगलवार सुबह करीब 6 बजे 2 से 3 गाड़ियों में पहुंचे केंद्रीय जांच दल ने दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड्स की जांच शुरू की। सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह कार्रवाई CGPSC के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी की 25 जुलाई को हुई गिरफ्तारी के बाद सामने आए नए इनपुट्स के आधार पर की जा रही है। सोनवानी को राज्य सेवा परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया था।
पूरा मामला वर्ष 2020 और 2021 की CGPSC राज्य सेवा परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक और डिप्टी कलेक्टर व डीएसपी जैसे उच्च पदों पर अवैध लेनदेन के जरिए अपात्रों के चयन से जुड़ा है। सीबीआई द्वारा 2024 में दर्ज की गई प्राथमिकी के आधार पर ईडी इस पूरे सिंडिकेट में हुए वित्तीय हेरफेर और रिश्वतखोरी के नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023