Share this post with:
छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से एक बड़ी सर्जरी करते हुए विभाग में कार्यरत अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला आदेश जारी किया है। महानदी भवन से जारी इस आदेश के तहत श्रम पदाधिकारियों, सहायक श्रम पदाधिकारियों और प्रभारियों की नई पदस्थापना की गई है। आदेश में उप श्रमायुक्त की पदोन्नति के साथ-साथ कई अधिकारियों को जिलों का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
आदेश के मुताबिक, अम्बिकापुर के श्रम पदाधिकारी नितेश विश्वकर्मा को कोरबा का सहायक श्रमायुक्त बनाया गया है। मुंगेली के श्रम पदाधिकारी अभिषेक ठाकुर को सूरजपुर भेजा गया है, जिन्हें अम्बिकापुर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। सूरजपुर के श्रम पदाधिकारी एलेन मिंज अब बलरामपुर की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इसके अलावा, बेमेतरा के श्रम पदाधिकारी शोएब काजी को कोंडागांव, बीजापुर के ओम व्यास नेताम को बालोद, जांजगीर-चांपा के समीर मिश्रा को राजनांदगांव, कोंडागांव के आजाद सिंह पात्रे को जांजगीर-चांपा और बलरामपुर के भूपेन्द्र सिंह चंद्रवंशी को कबीरधाम ट्रांसफर किया गया है। नवा रायपुर श्रमायुक्त कार्यालय में पदस्थ पायल शर्मा को सहायक श्रमायुक्त दुर्ग और सहायक श्रम पदाधिकारी जी. के. पाण्डेय को श्रम पदाधिकारी बेमेतरा के रूप में नई पदस्थापना दी गई है। वहीं, बिलासपुर कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय के फर्मासिस्ट ग्रेड-2 युगल किशोर शर्मा का तबादला तमनार (रायगढ़) किया गया है।
इस तबादला सूची में कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी शामिल हैं, जिसके तहत उप श्रमायुक्त विकास सरोदे को पदोन्नति के बाद कार्यालय श्रमायुक्त, नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है। वहीं दंतेवाड़ा के सहायक श्रम पदाधिकारी राजाराम पाल को अपने वर्तमान कर्तव्यों के साथ बीजापुर जिले का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बिलासपुर की सहायक श्रमायुक्त श्रीमती ज्योति शर्मा को अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ मुंगेली जिले के श्रम पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। राजनांदगांव की सहायक श्रम पदाधिकारी श्रीमती उज्वला भाई को, समीर मिश्रा द्वारा कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया जाएगा। श्रम विभाग द्वारा जारी यह विस्तृत आदेश माननीय मुख्यमंत्री जी के अनुमोदन के बाद आधिकारिक रूप से प्रभावी कर दिया गया है।
Share this post with:
01 Jul 2026
30 Jun 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023