Share this post with:
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर दौरे के दौरान केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला है। बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे जनता को पेट्रोल बचाने और सोना न खरीदने की नसीहत देते हैं, लेकिन खुद लगातार विदेश दौरों पर रहते हैं।
उन्होंने पीएम पर तंज कसते हुए कहा कि वे अब "मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ" वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर देश के आम लोग महंगाई से जूझ रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री के मित्र अडानी अमेरिका में 10 अरब डॉलर का निवेश कर रहे हैं।
प्रदेश की कानून व्यवस्था और धर्म के नाम पर राजनीति पर निशाना साधते हुए बघेल ने जगतगुरु रामभद्राचार्य को चुनौती दी कि वे अपने चेले धीरेंद्र शास्त्री से 'पर्ची' के माध्यम से पेट्रोल-डीजल के दाम कम करवा कर दिखाएं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरन रिजीजू का जिक्र करते हुए कहा कि वे गौमांस खाते हैं, फिर भी मोदी ने उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल कर रखा है।
क्या रामभद्राचार्य इसे उचित मानते हैं? उन्होंने युवाओं की बढ़ती नाराजगी पर कहा कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' जैसे समूहों का उभार भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता में व्याप्त गहरे गुस्से का नतीजा है।
बघेल ने राज्य सरकार के 'सुशासन' के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए कहा कि कवर्धा में आदिवासी महिला से गैंगरेप, मुख्यमंत्री के इलाके में महिला की खुदकुशी और मरवाही में सराफा कारोबारी की लूट के बाद हत्या जैसी घटनाएं सरकार की विफलता का प्रमाण हैं।
पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पूरी तरह से सरकार के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस को अब 'सपना' आता है और वे अपराध दर्ज कर लेते हैं। सूरजपुर का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि वहां कांग्रेस नेता के पास न तो कोई हथियार मिला और न ही कोई हमला हुआ, इसके बावजूद उन पर आर्म्स एक्ट का फर्जी केस दर्ज कर दिया गया।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023