The Bare Truth

ब्रेकिंग : भोपालपटनम में 62 लाख का घोटाला, सीएमओ और लेखापाल सस्पेंड, जगदलपुर अटैच

27 May 2026  

ब्रेकिंग : भोपालपटनम में 62 लाख का घोटाला, सीएमओ और लेखापाल सस्पेंड, जगदलपुर अटैच

Share this post with:

नवा रायपुर अटल नगर से जारी एक कड़े प्रशासनिक आदेश ने नगर पंचायत भोपालपटनम में हड़कंप मचा दिया है। वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोपों के चलते राज्य शासन ने नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) विकास पाटले और लेखापाल सूर्यकिरण चिडेम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों अधिकारियों पर कुल 62 लाख रुपये की हेराफेरी का आरोप है।

 

प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ कि सीएमओ विकास पाटले और लेखापाल सूर्यकिरण चिडेम ने अपनी पदस्थापना के दौरान वित्तीय नियमों को ताक पर रखकर मनमानी की। इन पर आरोप है कि इन्होंने पार्षदों के नाम पर संदिग्ध तरीके से मांग पत्र तैयार किए और सामग्री की खरीद में भंडार क्रय नियमों का पूरी तरह उल्लंघन किया। सबसे गंभीर मामला अटल चौक के निर्माण में सामने आया, जहां इन अधिकारियों ने सक्षम अनुमति के बिना 15वें वित्त आयोग की राशि का उपयोग मद परिवर्तन कर मनमाने तरीके से भुगतान करने में कर दिया। साथ ही, बिना अवकाश स्वीकृत कराए ही अपनी अनुपस्थिति अवधि का अग्रिम वेतन आहरण कर लिया।

 

जांच रिपोर्ट में इन कृत्यों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 के विपरीत गंभीर कदाचार माना गया है। शासन ने छत्तीसगढ़ राज्य नगर पालिका सेवा भर्ती नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए इन्हें पद से हटा दिया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों का मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर निर्धारित किया गया है। नियम के अनुसार, निलंबन काल में इन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web