Share this post with:
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर नियमित जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जब एक यात्री के पास से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए गए। ओडिशा की ओर से आ रही ‘श्री श्याम ट्रैवल्स’ की बस को रोककर की गई जांच में एक संदिग्ध बैग ने पुलिस का ध्यान खींचा।
तलाशी लेने पर बैग के भीतर रखे तीन प्लास्टिक डिब्बों में करीब 18.590 किलोग्राम वजन के 600 नग चांदी के पायल पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 46 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। पूछताछ में यात्री ने अपनी पहचान कटक, ओडिशा निवासी राज किशोर शर्मा उर्फ राजू (58) के रूप में बताई, जो इन गहनों को रायपुर ले जा रहा था।
हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में चांदी होने के बावजूद वह किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 94 के तहत नोटिस जारी करते हुए धारा 106 के अंतर्गत आभूषणों को जब्त कर लिया।
मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने जब्त चांदी की जानकारी आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय, छत्तीसगढ़ को भेज दी है, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके। यह कार्रवाई अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत की गई।
गौरतलब है कि इससे पहले भी महासमुंद पुलिस ने इसी तरह की कार्रवाई में करीब 54 लाख रुपए के चांदी के आभूषण बरामद किए थे, जहां वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर गहनों के साथ वाहन को भी जब्त किया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने अंतरराज्यीय मार्गों पर हो रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
Share this post with:
22 Apr 2026
21 Apr 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023