Share this post with:
मध्य प्रदेश के ग्वालियर-भिंड मार्ग पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र स्थित छिमका चौराहे के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्वालियर के चिनोर में धान की रोपाई का काम पूरा कर लोडिंग वाहन से उत्तर प्रदेश लौट रहे मजदूरों को सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि लोडिंग वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे। हादसे के समय ज्यादातर मजदूर गहरी नींद में सोए हुए थे। दुर्घटना में 5 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 घायलों को तुरंत ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान 3 अन्य ने दम तोड़ दिया। इस तरह ठेकेदार सहित कुल 8 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 22 घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
जांच में सामने आया है कि मृतक और घायल सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर (लक्ष्मीपुर) जिले के विभिन्न गांवों के रहने वाले थे, जिन्हें ठेकेदार रजनीश 4 अगस्त को धान लगाने के लिए चिनोर लेकर आया था। काम खत्म कर सभी मजदूर लोडिंग वाहन से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और प्रत्येक मृतक के परिवार को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मध्य प्रदेश प्रशासन से समन्वय स्थापित कर मृतकों के शवों को उनके पैतृक निवास तक पहुंचाने और घायलों के समुचित इलाज की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
Share this post with:
17 Aug 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023