Share this post with:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को राज्य की नई 'मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली 1076' की कार्यप्रणाली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम ने वहां की तकनीकी व्यवस्थाओं और शिकायतों के निपटारे के सिस्टम को करीब से देखा। निरीक्षण के वक्त एक बेहद दिलचस्प नजारा तब देखने को मिला जब मुख्यमंत्री ने खुद हेडफोन लगाया और हेल्पलाइन पर कॉल करने वाले रायपुर के निवासी पूनाराम ठाकरे से सीधे बात की। पूनाराम ने सीएम को बताया कि उन्होंने आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था, लेकिन काम अटकने की वजह से उन्हें हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी पड़ी। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा कि आपकी इस समस्या का समाधान बहुत जल्द कर दिया जाएगा। सीएम के साथ मौजूद अन्य मंत्रियों ने भी कई हितग्राहियों से फोन पर बात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस नए शिकायत प्रबंधन सिस्टम को राज्य के सभी विभागों से एकीकृत रूप से जोड़ा गया है, जिसमें 1,200 से अधिक शिकायत श्रेणियां बनाई गई हैं। इसके सुचारू संचालन के लिए ब्लॉक स्तर से लेकर राज्य स्तर तक के लगभग 8,000 अधिकारियों को चार प्रशासनिक स्तरों पर मैप किया गया है, ताकि किसी भी शिकायत का तय समय सीमा में निपटारा हो सके। खास बात यह है कि इस हेल्पलाइन सेंटर के संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय युवाओं को सौंपी गई है, जिससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह व्यवस्था सिर्फ शिकायतें दर्ज करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि डेटा और एमआईएस डैशबोर्ड के विश्लेषण के आधार पर प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार का जरिया बननी चाहिए ताकि जनता को पारदर्शी और जवाबदेह शासन मिल सके। इस निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, दयाल दास बघेल, टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
Share this post with:
09 Jun 2026
09 Jun 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023