The Bare Truth

श्रमवीरों के बच्चों को सीएम साय की बड़ी सौगात, 22 मेधावी छात्रों को 2-2 लाख की प्रोत्साहन राशि, 28 हजार से अधिक श्रमिक परिवारों को मिले 7.79 करोड़ रुपये

05 Jun 2026  

श्रमवीरों के बच्चों को सीएम साय की बड़ी सौगात, 22 मेधावी छात्रों को 2-2 लाख की प्रोत्साहन राशि, 28 हजार से अधिक श्रमिक परिवारों को मिले 7.79 करोड़ रुपये

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में आयोजित 'मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह' में श्रमिक परिवारों के लिए पिटारा खोल दिया। इस दौरान सीएम साय ने 10वीं और 12वीं की प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) में टॉप-10 में जगह बनाने वाले पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के 22 होनहार बच्चों को 'मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना' के तहत 2-2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि श्रमिक अपने पसीने और मेहनत से देश के विकास की नींव रखते हैं, इसलिए वे वास्तव में देश के निर्माता हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "हमारी सरकार की मंशा है कि श्रमिकों के बच्चे अब सिर्फ श्रमिक न रहें, बल्कि वे पढ़-लिखकर डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और प्रशासक बनें।" इतिहास गवाह है कि कई महान विभूतियों ने साधारण परिवारों से निकलकर अपनी मेहनत के दम पर सर्वोच्च मुकाम हासिल किया है।


28,754 परिवारों के खातों में सीधे पहुंचे पैसे


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 'डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर' (DBT) के जरिए एक सिंगल क्लिक से प्रदेश के 28 हजार 754 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों के बैंक खातों में कुल 7 करोड़ 79 लाख 52 हजार 370 रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की। यह राशि निःशुल्क गणवेश, पुस्तक सहायता, मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता और साइकिल सहायता समेत करीब 70 प्रकार की कल्याणकारी योजनाओं के तहत दी गई है।
 

पीएम मोदी के साथ काम करने का साझा किया अनुभव


समारोह में सीएम साय ने अपने केंद्रीय श्रम राज्य मंत्री (2014-2019) के कार्यकाल के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रमिकों के हितों के प्रति बेहद संवेदनशील हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पहले नौकरी बदलने पर श्रमिकों को पीएफ (PF) राशि निकालने में भारी दिक्कत होती थी, जिसे दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने 'यूनिवर्सल पीएफ नंबर' की ऐतिहासिक व्यवस्था लागू की।


श्रम मंत्री ने दी योजना की जानकारी


कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि इस योजना के तहत बच्चों को 1 लाख रुपये पढ़ाई के लिए और 1 लाख रुपये दोपहिया वाहन खरीदने के लिए दिए जा रहे हैं। वहीं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह ने कहा कि मंडल बच्चों को उच्च शिक्षा और स्वरोजगार के लिए हर संभव मदद दे रहा है।
**विश्व पर्यावरण दिवस पर "एक पेड़ मां के नाम" का आह्वान**
05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने न्यू सर्किट हाउस परिसर में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने समस्त छत्तीसगढ़वासियों से अपील की कि वे अपनी माता के नाम पर एक पौधा जरूर लगाएं और उसे सुरक्षित रखकर इस मुहिम को एक जन-आंदोलन का रूप दें।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web